श्रावणी मेले की तैयारियों को लेकर नगर निगम अलर्ट, पहाड़ी मंदिर क्षेत्र का किया निरीक्षण

रांची। आगामी श्रावण माह में पहाड़ी मंदिर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए रांची नगर निगम (आरएमसी) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार ने पहाड़ी मंदिर एवं आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के बाद नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें निरीक्षण के दौरान सामने आई समस्याओं तथा आवश्यक तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रावण माह शुरू होने से पूर्व सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए स्वच्छता और आधारभूत सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

बैठक में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने, नालियों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने, खुले नालों को स्लैब से ढंकने, श्रद्धालुओं के आवागमन मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने तथा खराब पथ बत्तियों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा अवैध पार्किंग, मालवाहक वाहनों के अनधिकृत पड़ाव और लोडिंग-अनलोडिंग गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।

समीक्षा के दौरान अतिरिक्त पार्किंग स्थलों की पहचान, सड़क किनारे पेड़ों की छंटाई, वृक्षारोपण अभियान चलाने, सखुआ महोत्सव के आयोजन तथा पूरे पहाड़ी मंदिर क्षेत्र को ‘नो प्लास्टिक जोन’ के रूप में विकसित करने का भी निर्णय लिया गया।

नगर आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रावणी मेले के आरंभ से पूर्व सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें और मेला सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top