डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू), रांची में स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए चांसलर पोर्टल के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया जारी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों की मांग को देखते हुए चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए आवेदन की अंतिम तिथि एक बार फिर बढ़ाकर 1 जुलाई 2026 की संध्या 5 बजे तक कर दी है।
कुलपति डॉ. राजीव मनोहर के निर्देश पर जारी अधिसूचना के अनुसार, स्नातक सत्र 2026-30 तथा स्नातकोत्तर सत्र 2026-28 के विभिन्न पारंपरिक एवं व्यवसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए छात्र-छात्राएं चांसलर पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
कुलपति डॉ. राजीव मनोहर ने बताया कि बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के अनुरोध और हितों को ध्यान में रखते हुए आवेदन की तिथि अंतिम बार विस्तारित की गई है। हालांकि, नामांकन प्रक्रिया को 31 जुलाई 2026 तक पूरा करने और 3 अगस्त 2026 से नए शैक्षणिक सत्र की कक्षाएं शुरू करने के अकादमिक कैलेंडर में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
विश्वविद्यालय के डीएसडब्ल्यू डॉ. सर्वोत्तम कुमार ने बताया कि स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए भी 15 जून से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक विद्यार्थी विभिन्न पारंपरिक एवं व्यवसायिक पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन कर सकते हैं।
स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद 6 जुलाई 2026 को प्रथम प्रतिभा सूची प्रकाशित की जाएगी। विश्वविद्यालय के अनुसार अब तक स्नातक पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए 10 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जो उपलब्ध सीटों की संख्या से कई गुना अधिक हैं।
यह जानकारी विश्वविद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी (पीआरओ) डॉ. राजेश कुमार सिंह ने दी।

