रामरेखा धाम को मिलेगा नया स्वरूप, उपायुक्त कंचन सिंह ने विकास योजनाओं को दी रफ्तार

सिमडेगा में स्थित रामरेखा धाम को प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने ठोस कदम उठाए हैं। उपायुक्त कंचन सिंह की अध्यक्षता में धाम परिसर में आयोजित बैठक में समग्र, सुनियोजित एवं चरणबद्ध विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि रामरेखा धाम को भव्य, आकर्षक और सुव्यवस्थित धार्मिक पर्यटन स्थल बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए एक सोसाइटी गठन का निर्देश दिया गया, जिसमें अनुमंडल पदाधिकारी को भी शामिल किया जाएगा।

बैठक में मंदिर एवं गुफा के प्रवेश द्वार को सैंड स्टोन ग्रेनाइट से भव्य बनाने, श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकासी मार्ग विकसित करने, तथा यज्ञशाला और प्रसाद भवन को स्थानांतरित करने जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। संत निवास और संस्कार भवन के निर्माण के लिए भी उपयुक्त स्थान चिन्हित किया गया है।

पर्यटन सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए म्यूजियम, कैफेटेरिया, शौचालय, स्नानागार एवं ठहरने की व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया। साथ ही सड़क अवसंरचना को मजबूत करने के तहत कई नई सड़कों के निर्माण और चौड़ीकरण की योजना बनाई गई है, जिसे आगामी रामरेखा महोत्सव से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

पेयजल और विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए गए हैं। वहीं राजाबासा तालाब के सौंदर्यीकरण, कुंओं की सफाई और जलाशय के निरीक्षण के माध्यम से जल प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

बैठक के बाद उपायुक्त ने परिसर का निरीक्षण किया और विद्यालय में बच्चों से संवाद कर उनकी शैक्षणिक स्थिति की जानकारी ली। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं रामरेखा धाम समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top