भाजपा ने अमित शाह को पश्चिम बंगाल में, नड्डा को असम में केंद्रीय पर्यवेक्षक बनाया

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गृहमंत्री अमित शाह को पश्चिम बंगाल और पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को असम में भाजपा के नवनिर्वाचित विधायक दलों के नेताओं के चयन के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने मंगलवार को बताया कि भाजपा संसदीय बोर्ड ने पश्चिम बंगाल में पार्टी के विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए गृहमंत्री अमित शाह को केंद्रीय पर्यवेक्षक और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को सह पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।

अरुण सिंह ने बताया कि भाजपा संसदीय बोर्ड ने पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा को असम में विधायक दल के नेता के चयन के लिए पर्यवेक्षक और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को सह पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।

उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनावों में भाजपा ने पहली बार 294 सीटों में से 206 सीटों के साथ बड़ी जीत दर्ज की है और असम में लगातार तीसरी बार भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने करीब तीन चौथाई बहुमत के साथ सत्ता में वापसी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top