सीसीएल मुख्यालय में सेवानिवृत्त कर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई, भावुक माहौल में दी गई शुभकामनाएं

रांची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय में आज एक भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन कर अप्रैल 2026 में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इस अवसर पर मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले तीन कर्मियों सहित कंपनी के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके-अपने कार्यस्थलों पर भी ससम्मान विदा किया गया।

मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया, जिसमें सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव, यादें और भावनाएं साझा कीं, जिससे समारोह का माहौल भावुक हो गया।

मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों में श्री रामअवतार प्रसाद बरनवाल (फोरमैन, ई एंड एम मेंटेनेंस), एम.डी. मुस्तफा (फोरमैन, सिविल विभाग) और श्री तबरक अंसारी (सहायक फोरमैन, ई एंड एम मेंटेनेंस) शामिल रहे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महाप्रबंधक (कल्याण) श्री संजय ठाकुर, महाप्रबंधक (पी एंड आईआर) श्री प्रतुल कुमार तथा महाप्रबंधक (एचआरडी) श्री फ़ैयाज़ुल हक़ उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का एक नया अध्याय है और सभी कर्मियों ने अपने समर्पण व मेहनत से कंपनी को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाया है।

समारोह में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को शॉल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top