रांची: आपन रेडियो और झारखंड के पहले क्षेत्रीय ओटीटी प्लेटफॉर्म Jharpix द्वारा प्रस्तुत ‘आपन स्टार’ सिंगिंग एवं डांसिंग रियलिटी शो के पहले ऑडिशन का आयोजन रविवार को रांची के करमटोली स्थित धुमकुड़िया भवन में किया गया। ऑडिशन में राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे सैकड़ों प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड की लोक-सांस्कृतिक पहचान और पद्म सम्मान से सम्मानित पद्मश्री मधु मंसूरी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मंच राज्य की छिपी हुई प्रतिभाओं को पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

ऑडिशन में निर्णायक मंडल के रूप में झारखंड की प्रसिद्ध गायिका वर्षा ऋतु, चर्चित कलाकार विवेक नायक, रविकांत तथा प्रसिद्ध डांस कोरियोग्राफर रवि तिग्गा उपस्थित रहे। सभी निर्णायकों ने प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए ‘आपन स्टार’ को झारखंडी कला और संस्कृति को नई पहचान देने वाली एक अनूठी पहल बताया।
इस अवसर पर आपन रेडियो की ओर से राज मौर्य एवं रवि गुप्ता, जबकि Jharpix की ओर से राजेश्वर जी, अमर पांडेय सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। ऑडिशन के समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
आयोजकों ने बताया कि ‘आपन स्टार’ रियलिटी शो के माध्यम से झारखंड की गायन और नृत्य प्रतिभाओं को बड़ा मंच उपलब्ध कराया जाएगा। कार्यक्रम का प्रसारण झारखंड के पहले क्षेत्रीय ओटीटी प्लेटफॉर्म Jharpix पर किया जाएगा, जिससे राज्य की प्रतिभाएं व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंच सकेंगी।

