रांची। कोल इंडिया लिमिटेड के कॉर्पोरेट कार्यालय में 28 अप्रैल को विश्व कार्यस्थल सुरक्षा एवं स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कंपनी के अध्यक्ष श्री बी. साईराम, फंक्शनल डायरेक्टर्स और मुख्य सतर्कता अधिकारी द्वारा शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुई, जिसके बाद सेफ्टी फ्लैग फहराया गया।
इस अवसर पर अध्यक्ष ने कर्मचारियों के लिए सकारात्मक मनोसामाजिक कार्य वातावरण विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने स्पष्ट कार्य-भूमिका, संतुलित कार्यभार, प्रभावी निगरानी और कर्मचारियों के सम्मान को ऐसे वातावरण की बुनियाद बताया। साथ ही भरोसे, खुले संवाद और कर्मचारियों को अपनी बात रखने के लिए प्रोत्साहित करने वाले सशक्त पर्यवेक्षण तंत्र की अहमियत पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में निदेशक (मानव संसाधन) डॉ. विनय रंजन ने जानकारी दी कि कर्मचारियों के लिए व्यापक मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रम तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य एक सहयोगी, सशक्त और स्वस्थ कार्यस्थल का निर्माण करना है, जिससे जागरूकता बढ़े और मानसिक स्वास्थ्य पर खुली चर्चा को बढ़ावा मिले।
इस दौरान निदेशक (मार्केटिंग) श्री मुकेश चौधरी, निदेशक (वित्त) श्री मुकेश अग्रवाल, निदेशक (बिजनेस डेवलपमेंट) श्री आशीष कुमार तथा सीवीओ श्री ब्रजेश कुमार त्रिपाठी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए सुरक्षा एवं स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।
उल्लेखनीय है कि हर वर्ष 28 अप्रैल को मनाया जाने वाला यह दिवस कार्यस्थल पर दुर्घटनाओं और व्यावसायिक बीमारियों की रोकथाम के महत्व को रेखांकित करता है। इस वर्ष की थीम “सुरक्षित और स्वस्थ मनोसामाजिक कार्य वातावरण सुनिश्चित करें” रही, जो कार्यस्थल तनाव को कम करने और मानसिक स्वास्थ्य को संगठनात्मक सुरक्षा का अहम हिस्सा बनाने पर केंद्रित है।

