पश्चिम बंगाल चुनाव: दूसरे चरण में 92% से अधिक मतदान, कई जगह हिंसा और झड़प

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत 142 सीटों पर बुधवार को मतदान संपन्न हुआ। भारत निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार शाम 9 बजे तक लगभग 92.32% मतदान दर्ज किया गया, जिसमें और बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है।

मतदान के दौरान कई जिलों से हिंसा, झड़प, लाठीचार्ज और ईवीएम से छेड़छाड़ की घटनाएं सामने आईं। नॉर्थ 24 परगना के अरविंद इलाके में तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हुई। दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर लाठी और मुक्कों से हमला किया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

वहीं हावड़ा के उदयनारायणपुर में टीएमसी ने आरोप लगाया कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की पिटाई से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। पार्टी के महासचिव अभिषेक बनर्जी ने दावा किया कि बुजुर्ग वोट डालने गए थे, जहां कथित तौर पर केंद्रीय बलों ने उनके साथ मारपीट की। हालांकि इस मामले में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

बताया जा रहा है कि जिन 142 सीटों पर इस चरण में मतदान हुआ, उनमें से 123 सीटों पर 2021 के विधानसभा चुनाव में टीएमसी ने जीत हासिल की थी। इससे पहले पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर करीब 93% मतदान दर्ज किया गया था।

राज्य की सभी 254 विधानसभा सीटों के लिए मतगणना 4 मई को होगी, जिसके बाद चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top