पानी-बिजली संकट पर भाजपा का आंदोलन, 6 से 12 मई तक पूरे झारखंड में होगा जिलावार प्रदर्शन

झारखंड में बढ़ती पानी की किल्लत और बिजली कटौती को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए कहा कि 6 मई से 12 मई तक राज्य के विभिन्न जिलों में चरणबद्ध तरीके से प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान पार्टी के कार्यकर्ता सिर पर घड़ा, डेकची और पानी ढोने वाले अन्य बर्तन लेकर सड़कों पर उतरेंगे।

भाजपा ने इस आंदोलन को जनता की आवाज बताते हुए कहा कि राज्य की जनता पानी और बिजली की समस्या से त्राहिमाम कर रही है, जबकि सरकार गंभीर नहीं दिख रही। आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि नल जल योजना झारखंड में भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है और लाखों लोग आज भी बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य में हजारों चापानल खराब पड़े हैं और उन्हें ठीक करने के सरकारी दावे विफल साबित हुए हैं। केंद्र सरकार द्वारा दिए गए फंड का सही उपयोग नहीं होने का भी आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि अगर योजनाओं को जमीन पर सही तरीके से लागू किया जाता, तो आज यह स्थिति नहीं होती।

आंदोलन की रूपरेखा के अनुसार 6 मई को गढ़वा, पलामू और लातेहार से शुरुआत होगी, जबकि 12 मई को राजधानी रांची समेत कई जिलों में प्रदर्शन किया जाएगा। भाजपा ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द पानी और बिजली की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

प्रेसवार्ता में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top