मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने आज झारखंड मंत्रालय में स्वास्थ्य विभाग एवं भवन निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता और स्वास्थ्य अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने रिम्स-2 (RIMS-2) बिल्डिंग परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए भवन की संरचना को और अधिक मजबूत, आधुनिक एवं मरीज-हितैषी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य ढांचे को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित किया जाए।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों के चिकित्सकों से ऑनलाइन संवाद कर आईसीयू में भर्ती मरीजों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने उपचार व्यवस्था, उपलब्ध उपकरणों और चिकित्सा प्रबंधन की समीक्षा करते हुए इसे और बेहतर एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित “मिनी सचिवालय” परियोजना की भी समीक्षा की। उन्होंने भवन की संरचना, उपयोगिता और कार्यक्षमता को आधुनिक प्रशासनिक जरूरतों के अनुरूप विकसित करने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने और आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग एवं भवन निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

