रांची स्थित झारखंड मंत्रालय में मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन की अध्यक्षता में झारखंड विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार परिषद की सामान्य सभा की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में राज्य में विज्ञान, प्रौद्योगिकी, शोध एवं नवाचार को सुदृढ़ बनाने और उच्च एवं तकनीकी शिक्षण संस्थानों में नवाचार आधारित वातावरण विकसित करने पर व्यापक चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में प्रतिभा और संसाधनों की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें सही दिशा और मंच देने की है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परिषद की गतिविधियों को परिणामोन्मुख बनाया जाए और शोध, स्टार्टअप, इनोवेशन तथा तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मोबाइल साइंस एग्जिबिशन बस का संचालन राज्य के सभी 24 जिलों में सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि विज्ञान को जन-जन तक पहुंचाया जा सके। मुख्यमंत्री ने कृषि क्षेत्र में तकनीकी एवं मैकेनिकल नवाचारों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया, जिससे खेती को आधुनिक और अधिक उत्पादक बनाया जा सके।
सीएम ने राज्य में निर्माणाधीन साइंस सेंटर और तारामंडलों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्हें आकर्षक और जनोपयोगी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही, सरकारी स्कूलों के बच्चों को देश के प्रमुख साइंस सिटी और तारामंडलों का भ्रमण कराने की पहल करने को कहा, ताकि उनमें वैज्ञानिक सोच और नवाचार के प्रति रुचि विकसित हो।
बैठक में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, विधायक विकास मुंडा, मुख्य सचिव अविनाश कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और वैज्ञानिक मौजूद रहे।

