विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर शनिवार को रांची स्थित आईपीएच सभागार में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान वेक्टर जनित रोगों के उन्मूलन के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले कर्मियों और जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार झारखंड के लोगों के स्वास्थ्य को लेकर गंभीर है और स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि कोई भी व्यक्ति बीमारी से पीड़ित न रहे।
उन्होंने बताया कि जैसे देश ने जागरूकता और संयुक्त प्रयासों से पोलियो पर काबू पाया, उसी तरह मलेरिया जैसी बीमारियों से भी मुक्ति संभव है। इसके लिए नियमित छिड़काव, मच्छरदानी का उपयोग और स्वच्छता बनाए रखना बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम में डॉ वीरेंद्र कुमार सिंह, डॉ लाल मांझी, डॉ विजय रजक, डॉ मुकेश कुमार और विकाश सिंहा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर वेक्टर जनित रोगों से संबंधित एक कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया गया। साथ ही, जनजागरूकता और स्वच्छता अभियान में बेहतर योगदान देने वाले 10 मुखियाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मलेरिया और अन्य वेक्टर जनित रोगों से बचाव के लिए लोगों को जागरूक किया गया। विशेषज्ञों ने साफ-सफाई बनाए रखने, नालियों की नियमित सफाई और मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की।

