भारतीय रेल के 173वें स्थापना वर्ष पर आसनसोल मंडल में स्वच्छता अभियान तेज

भारतीय रेल के 173वें स्थापना वर्ष के अवसर पर भारतीय रेल के अंतर्गत पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। 15 अप्रैल से 14 मई 2026 तक संचालित इस अभियान के तहत 25 अप्रैल को विभिन्न स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों और आसपास के क्षेत्रों में सफाई और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

यह अभियान आसनसोल मंडल के अंतर्गत चित्तरंजन, दुमका, गलसी, शंकरपुर, आसनसोल स्टेशन, अंडाल की साउथ कॉलोनी तथा आसनसोल लोको रेलवे कॉलोनी में चलाया गया। इसमें रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों और आरपीएफ कर्मियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम के दौरान यात्रियों और स्थानीय निवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें डस्टबिन का उपयोग करने, प्लास्टिक कचरा कम करने, सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने और रेलवे पटरियों पर कचरा न फेंकने की अपील की गई। साथ ही प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, परिसंचरण क्षेत्र और कॉलोनी परिसरों में व्यापक सफाई अभियान भी चलाया गया।

आसनसोल स्टेशन पर स्टेशन, वाणिज्य, इंजीनियरिंग एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों ने मिलकर यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव के लिए स्वच्छता के महत्व के बारे में बताया। यात्रियों को ट्रेन के बायो-टॉयलेट के सही उपयोग और उसमें कचरा न डालने की भी सलाह दी गई।

यह अभियान न केवल स्वच्छता मानकों को बेहतर बनाने का प्रयास है, बल्कि यात्री सुविधा, सुरक्षा और जनस्वास्थ्य को भी सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। आसनसोल मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें और रेल परिसरों को साफ-सुथरा रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top