11 जून को झारखंड में बारिश और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट, गर्मी से जल्द मिलेगी राहत

रांची, 08 जून। राजधानी रांची समेत झारखंड के अधिकांश हिस्सों में सोमवार को लोगों को भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। हालांकि राज्य के कुछ क्षेत्रों में हुई हल्की बारिश से मौसम में आंशिक राहत मिली, लेकिन अधिकांश इलाकों में दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित रहा।

मौसम विभाग ने 11 जून को राज्य के उत्तर-पूर्वी तथा इससे सटे मध्यवर्ती क्षेत्रों में बारिश, वज्रपात और तेज आंधी की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। संभावित मौसमीय गतिविधियों को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है और यह देश के पश्चिम-मध्य एवं पूर्व-मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश तथा तेलंगाना के कुछ हिस्सों तक पहुंच चुका है। अगले एक-दो दिनों में इसके पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में प्रवेश करने की अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं।

मौसम विभाग का अनुमान है कि मानसून की प्रगति के साथ झारखंड में भी मौसम का मिजाज बदलेगा और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और वज्रपात के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top