रांची। डोरंडा एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को अब बेहतर आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध होगी। नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार के निर्देश पर ग्रेटर रांची डेवलपमेंट एजेंसी (जीआरडीए) ने कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) फंड के तहत आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित एक एंबुलेंस राजकीय औषधालय डोरंडा (पीएचसी) को उपलब्ध कराई।
सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार ने एंबुलेंस की चाबी सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. ताबान रिजवी को सौंपते हुए इसे हरी झंडी दिखाकर डोरंडा अस्पताल के लिए रवाना किया।
मंत्री आवास के समक्ष आयोजित कार्यक्रम में जीआरडीए के महाप्रबंधक राकेश कुमार नंदक्योलियार ने संस्था की ओर से एंबुलेंस की चाबी मंत्री को सौंपते हुए कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की। इस अवसर पर महाप्रबंधक ने मंत्री सुदिव्य कुमार को बुके, शॉल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। वहीं डॉ. ताबान रिजवी और अन्य उपस्थित लोगों ने भी मंत्री को स्मृति चिन्ह एवं बुके भेंट किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि डोरंडा अस्पताल के लिए एंबुलेंस की उपलब्धता क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। इससे मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा और आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
राजकीय औषधालय डोरंडा की प्रभारी डॉ. मिता सिन्हा को आवश्यक प्रशासनिक एवं कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह एंबुलेंस सौंप दी जाएगी।
कार्यक्रम में जीआरडीए के अधिकारी शशि भूषण पाठक, साकेत कुमार सिंह सहित कई अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।

