हेमन्त सोरेन ने आज बिरसा मुंडा हवाई अड्डा परिसर में निर्माणाधीन स्टेट हैंगर और उससे जुड़े आधारभूत ढांचे का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता नियंत्रण और समयबद्धता की विस्तृत समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों और तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि राज्य के सतत विकास के लिए मजबूत और आधुनिक आधारभूत संरचना बेहद जरूरी है, जो प्रशासनिक कार्यक्षमता के साथ राज्य की प्रगतिशील छवि को भी मजबूती देती है।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों में नवीन तकनीकों के उपयोग और नियमित मॉनिटरिंग पर जोर दिया। उन्होंने किसी भी प्रकार की लापरवाही को अस्वीकार्य बताते हुए कार्यों के त्वरित क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
इस मौके पर मुख्य सचिव अविनाश कुमार और भवन निर्माण विभाग के सचिव अरवा राजकमल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को प्रोजेक्ट की वर्तमान स्थिति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी।

