रांची। अपर पुलिस महानिदेशक-सह-दक्षिण छोटानागपुर प्रक्षेत्र, रांची के आदेश तथा वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देशन में रविवार को नवीन पुलिस केंद्र स्थित यू.सी. झा हॉल में पीसीआर एवं हाईवे पेट्रोलिंग टीमों के पुलिस पदाधिकारियों, हवलदारों, आरक्षियों और चालकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक (यातायात) रांची, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) रांची तथा पुलिस उपाधीक्षक, नगर नियंत्रण कक्ष रांची ने संयुक्त रूप से किया। बैठक में रांची जिले में अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था संधारण को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने पीसीआर एवं हाईवे पेट्रोलिंग टीमों को अवैध अड्डेबाजों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, नशे के कारोबार और नशेड़ियों के विरुद्ध आसूचना तंत्र को मजबूत करने तथा प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही डायल-112 के माध्यम से प्राप्त शिकायतों और निर्देशों का कम से कम समय में निष्पादन करने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में संवेदनशील क्षेत्रों में सघन वाहन एवं व्यक्ति जांच अभियान चलाने, विभिन्न पीसीआर वाहनों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने, नियमित आसूचना संकलन करने तथा बैंक, पेट्रोल पंप, ज्वेलरी दुकानों समेत महत्वपूर्ण संस्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने सभी कर्मियों को अधिक से अधिक भ्रमणशील रहने तथा शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों पर लगातार पेट्रोलिंग करने का निर्देश दिया। इसके अलावा सभी को अपने-अपने दायित्वों के प्रति सजग रहने और ड्यूटी के दौरान पूर्ण सतर्कता बरतने को कहा गया।
बैठक में स्पष्ट चेतावनी दी गई कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

