एनएचआरसी के विशेष पर्यवेक्षक डॉ कन्हैया त्रिपाठी ने डीएसपीएमयू में संवाद किया

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के विशेष पर्यवेक्षक प्रो कन्हैया त्रिपाठी ने आज पूर्वाह्न 11 बजे डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय, रांची में अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत विश्वविद्यालय का दौरा किया। इस क्रम में विश्वविद्यालय के गांधी सभागार में कुलपति डॉ राजीव मनोहर, विभिन्न संकायों के डीन और विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी जेंडर
सेंसिटाइजेशन कमेटी के सदस्यों के साथ प्रो कन्हैया त्रिपाठी ने गहन विचार विमर्श और संवाद सत्र में भाग लिया । कार्यक्रम का प्रारंभ करते हुए विज्ञान संकाय की डीन और कमेटी की अध्यक्षा डॉ नमिता सिंह ने स्वागत भाषण और विषय प्रवेश कराया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ राजीव मनोहर ने कहा कि यह विश्वविद्यालय का सौभाग्य है कि आज के संदर्भ में इतने प्रासंगिक विषय पर हम डॉ कन्हैया त्रिपाठी के विचारों और सुझावों से अवगत हो रहे है। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों के सकारात्मक दृष्टिकोण और कार्य के प्रति एक जुड़ाव की सोच से काफी हर्ष का अनुभव होता है। उन्होंने कहा कि सकारात्मक दृष्टिकोण और लक्ष्य के प्रति स्पष्ट सोच ही विश्वविद्यालय को उत्तरोत्तर प्रगति की ओर ले जाएगी।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और विशिष्ट वक्ता के तौर पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के विशेष पर्यवेक्षक डॉ कन्हैया त्रिपाठी ने कहा कि उन्हें इस विश्वविद्यालय में आकर काफी अच्छी अनुभूति हो रही है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को मानवाधिकार विषय से संबंधित कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिनमें मानवाधिकार से संबंधित श्रेष्ठ व्यक्तियों की एक गैलरी के निर्माण की बात कही, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों में एक प्रेरक संदेश दिया जा सके। उन्होंने विश्वविद्यालय में मानवाधिकार और नेतृत्व से सम्बंधित पाठ्यक्रमों को शुरू किए जाने पर बल दिया। जिसके परिणामस्वरूप विद्यार्थियों में नेतृत्व कौशल का विकास हो सके। उन्होंने विकसित भारत की संकल्पना पर भी बात की। इसके उपरांत कमेटी की सदस्या डॉ शालिनी लाल ने स्लाइड प्रस्तुतिकरण के द्वारा डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय की पूरी आधारभूत संरचना, विद्यार्थियों की संख्या, आनुपातिक संख्या, विश्वविद्यालय में संचालित किए जा रहे विभिन्न पाठ्यक्रमों और विभागों को दर्शाया। कार्यक्रम का समापन कमेटी की सदस्य सचिव डॉ शमा सोनाली के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। मौके पर सभी संकायों के डीन, शिक्षक और यूजीएससी के सदस्यों की मौजूदगी रही। यह जानकारी पीआरओ डॉ राजेश कुमार सिंह ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top