विश्व के प्रतिष्ठित ग्लोबल साइंटिफिक इंडेक्स द्वारा जारी की गई सूची।
रांची:
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU), रांची के कुलपति डॉ. राजीव मनोहर को उनके उत्कृष्ट शोध एवं अकादमिक योगदान के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि प्राप्त हुई है। विश्व की प्रतिष्ठित संस्था Global Scientific Index द्वारा जारी नवीनतम सूची में उन्हें विश्व के शीर्ष 5 प्रतिशत वैज्ञानिकों में स्थान दिया गया है।
ग्लोबल साइंटिफिक इंडेक्स विश्वभर के वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं के अनुसंधान कार्यों, प्रकाशित शोधपत्रों, अनुसंधान प्रभाव तथा शैक्षणिक योगदान के आधार पर उनका मूल्यांकन कर रैंकिंग जारी करता है। इस सूची में शामिल होना किसी भी वैज्ञानिक के लिए वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जाता है।
उल्लेखनीय है कि डॉ. राजीव मनोहर ने लगभग तीन माह पूर्व DSPMU के कुलपति के रूप में कार्यभार ग्रहण किया है। इससे पूर्व वे University of Lucknow में आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) के निदेशक रहे हैं, जहां उन्होंने विश्वविद्यालय को NAAC की A+ रेटिंग दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
तीन दशकों से अधिक के अपने शैक्षणिक एवं शोध अनुभव के दौरान डॉ. मनोहर ने संघनित पदार्थ भौतिकी (Condensed Matter Physics) के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। विशेष रूप से लिक्विड क्रिस्टल और नैनो मैटेरियल कंपोजिट्स पर उनके शोध को वैश्विक स्तर पर सराहना मिली है। उनके अब तक 300 से अधिक शोधपत्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं।
इस उपलब्धि पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. राजीव मनोहर ने कहा कि उनके लंबे और ईमानदार शोध प्रयासों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर मिली यह मान्यता उनके लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें DSPMU में शोध और वैज्ञानिक गतिविधियों को और अधिक गति देने के लिए प्रेरित करेगा तथा इसके सकारात्मक परिणाम शीघ्र ही विश्वविद्यालय में देखने को मिलेंगे।
इस संबंध में जानकारी विश्वविद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार सिंह ने दी।

