रांची के सुखदेवनगर (पण्डरा) थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां मनोकामना मंदिर में पूजा कर बाहर निकल रहे 28 वर्षीय भार्गव सिंह को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल भार्गव सिंह को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने इस मामले में शामिल आरोपी विजय टेटे को गिरफ्तार कर लिया। वहीं दूसरा आरोपी सत्यम पाठक रांची से बक्सर भागने की फिराक में था, जिसे नेवरी विकास के पास से दबोच लिया गया।
पुलिस के अनुसार, सत्यम पाठक की निशानदेही पर कांके डैम के पास तलाशी अभियान चलाया गया, जहां से वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद किया गया। इसी दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मी का हथियार छीनकर भागने की कोशिश की और पुलिस पर 2-3 राउंड फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें सत्यम पाठक के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
जांच में सामने आया है कि हत्या का कारण जमीन विवाद था। आरोपी विजय टेटे ने मृतक से जमीन के नाम पर मोटी रकम ली थी, लेकिन जमीन देने में असमर्थ था। इसी को लेकर मृतक लगातार दबाव बना रहा था।
पुलिस ने आरोपियों के पास से हथियार, गोलियां, मोबाइल, नकद राशि, फर्जी दस्तावेज और अन्य सामान बरामद किया है। गौरतलब है कि सत्यम पाठक पहले भी हत्या समेत कई गंभीर मामलों में जेल जा चुका है और जमानत पर बाहर था।
पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।

