दिनांक 16 अप्रैल को पूर्वाह्न 11 बजे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय , रांची के कुलपति डॉ राजीव मनोहर ने विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के अपने नियमित निरीक्षण कार्यक्रम के तीसरे चरण में मानवशास्त्र, अर्थशास्त्र , हिंदी और जियोलॉजी विभागों का निरीक्षण किया. सर्वप्रथम कुलपति डॉ राजीव मनोहर ने मानवशास्त्र विभाग का निरीक्षण किया। मौके पर विभागाध्यक्ष डॉ. एसएम अब्बास ने कुलपति को विभाग की कक्षाओं, पुस्तकालयों और विद्यार्थियों की विस्तृत जानकारी दी।
इस दौरान सभी विभागीय शिक्षक और कर्मी मौजूद रहे। इसके बाद उन्होंने अर्थशास्त्र विभाग के भ्रमण के दौरान विभागाध्यक्ष डॉ रजनी कुमारी और विभागीय सदस्यों के साथ संवाद कर कक्षावार विद्यार्थियों की संख्या, आधारभूत संरचना के विषय उनसे विमर्श किया। इसके उपरांत कुलपति डॉ राजीव मनोहर ने विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के निरीक्षण के क्रम में विभागाध्यक्ष डॉ जिंदर सिंह मुंडा से विभागीय जानकारी और शैक्षणिक मसलों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने हिंदी विभाग में संचालित हो रही कक्षा के विद्यार्थियों से भी संवाद किया। निरीक्षण के दौरान कुलपति विश्वविद्यालय के जियोलॉजी विभाग में पहुंचे और विभागाध्यक्ष डॉ अपर्णा सिन्हा से विद्यार्थियों की संख्या, प्रयोगशालाओं और उपकरणों पर विस्तृत बातचीत की। उन्होंने प्रत्येक विभाग में चल रहे शोध कार्यों की भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि सामाजिक संकाय, मानविकी और विज्ञान संकाय के प्रत्येक विभागों में निरीक्षण का एक मुख्य उद्देश्य यह है कि विभागों की सूक्ष्मतम स्तर पर जानकारी एकत्रित कर उनका जल्द से निष्पादन करना। उन्होंने आगे कहा कि अबतक विभागों की जो समस्या त्वरित निष्पादन से संबंधित है, उनका निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर करते हुए अन्य समस्याओं को भी अति शीघ्र ठीक करने की मुहिम पर पूरी तात्पर्यं से कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इसी कड़ी में उन्होंने प्रत्येक विभागों से एक प्रारूप के तहत संपूर्ण विभागीय ब्यौरा मांगा है, जिसमें शिक्षकों की संख्या, शोध कार्य, उपकरणों की जानकारी और कर्मियों की सूची भी शामिल है। इन जानकारियों के आधार पर प्रत्येक विभाग की जरूरतों को आवश्यकतानुसार दुरुस्त कर लिया जाएगा।यह जानकारी पीआरओ डॉ राजेश कुमार सिंह ने दी।


