रांची में होगा भव्य महातुलादान महोत्सव, 11 जोड़े करेंगे अपने वजन के बराबर दान

रांची: मारवाड़ी युवा मंच रांची समर्पण शाखा की ओर से इस वर्ष एक भव्य महातुलादान महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। शाखा अध्यक्ष शुभा अग्रवाल के नेतृत्व में नवगठित सत्र 2026-27 की कमिटी द्वारा यह विशेष आयोजन 19 अप्रैल, रविवार (अक्षय तृतीया) को रांची हरमू गौशाला में संपन्न होगा।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस महोत्सव के तहत 11 जोड़े अपने वजन के अनुसार तुलादान करेंगे। शाखा द्वारा इस कार्यक्रम का आयोजन पहली बार इतने बड़े स्तर पर किया जा रहा है, जिससे समाज के लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।

शाखा सचिव रेखा राडका ने बताया कि हिंदू धर्म, विशेषकर मारवाड़ी समाज में तुलादान का विशेष महत्व है। इस परंपरा के अंतर्गत व्यक्ति को तराजू के एक पलड़े में बैठाकर उसके वजन के बराबर अन्न, गुड़, घी या अन्य सामग्री का दान किया जाता है। इसे शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति, पापों से मुक्ति और आध्यात्मिक उन्नति के लिए शुभ माना जाता है।

कार्यक्रम सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा। इस दौरान 11 जोड़े पूजा-अर्चना, गौ माता की पूजा और अपने वजन के अनुसार दान कर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे।

यह एक दिवसीय कार्यक्रम संयोजिका निकिता जालान, गो सेवा प्रभारी सौम्या सामोता और गो सेवा संयोजिका कविता सोमानी की देखरेख में आयोजित किया जाएगा। आयोजन की सफलता के लिए रांची हरमू गौशाला कमिटी, समाज के बंधुओं, प्रेस मीडिया और शाखा सदस्यों का भी सहयोग लिया जा रहा है।

शाखा को पूरा विश्वास है कि यह धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम भव्य और सफल रूप से संपन्न होगा।

उपयुक्त जानकारी शाखा अध्यक्ष शुभा अग्रवाल एवं शाखा मीडिया प्रभारी वैदिका सिंघानिया ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top