साहिबगंज व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में जुटी पुलिस-प्रशासन

सूचना मिलते ही कोर्ट परिसर में मचा हड़कंप, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड ने चलाया सर्च ऑपरेशन

साहिबगंज के व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बुधवार को कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन हरकत में आ गया और बम निरोधक दस्ता तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गया।

बताया गया कि व्यवहार न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट पर न्यायालय परिसर में बम होने की सूचना प्राप्त हुई थी। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने बिना देर किए कोर्ट परिसर को खाली कराया और पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया।

मौके पर साहिबगंज के उपायुक्त हेमंत सती और एसपी अमित कुमार सिंह भी पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। बम निरोधक विशेषज्ञ टीम ने न्यायालय परिसर के चप्पे-चप्पे की जांच की। करीब एक घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद किसी संदिग्ध वस्तु या बम जैसी सामग्री का पता नहीं चल सका।

उपायुक्त हेमंत सती ने बताया कि राज्य के अन्य जिलों में पहले भी इस प्रकार के ई-मेल या संदेश मिलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, इसलिए जिला प्रशासन पहले से सतर्क था। उन्होंने कहा कि एहतियात के तौर पर पहले से प्रशिक्षित बम निरोधक दस्ता यहां उपलब्ध था, जिसने तत्काल तलाशी अभियान चलाया।

वहीं एसपी अमित कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरी सतर्कता के साथ कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त सुरक्षा के लिए डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया है ताकि न्यायालय परिसर की बारीकी से जांच की जा सके।

सुरक्षा जांच के दौरान न्यायालय परिसर से सभी लोगों को बाहर निकाल दिया गया, जिससे कुछ समय तक कामकाज भी प्रभावित रहा। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है और धमकी के स्रोत का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top