धनबाद कोर्ट को फिर बम धमाके की धमकी, तीसरी बार ईमेल से मचा हड़कंप

धनबाद कोर्ट परिसर को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद गुरुवार को अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ईमेल के जरिए मिली इस धमकी ने पुलिस-प्रशासन को अलर्ट मोड में ला दिया। यह तीसरी बार है जब किसी अज्ञात व्यक्ति ने धनबाद कोर्ट परिसर को निशाना बनाने की चेतावनी दी है।

धमकी भरा मेल मिलते ही सदर थाना पुलिस समेत कई थानों की टीम तत्काल कोर्ट परिसर पहुंची और पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेते हुए सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया। सुरक्षा के मद्देनजर डॉग स्क्वाड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने कोर्ट परिसर के कमरों, गलियारों, पार्किंग और हर कोने की बारीकी से जांच की।

घंटों चली तलाशी के बावजूद पुलिस को अब तक कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है। हालांकि, एहतियातन पूरे परिसर में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई और लोगों की आवाजाही पर भी कुछ समय के लिए निगरानी रखी गई।

मौके पर मौजूद सीसीआर डीएसपी सुमित कुमार ने बताया कि सुरक्षा प्रक्रिया के तहत पूरी सतर्कता के साथ जांच अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक तौर पर यह फर्जी या ऑक्स मेल प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस ने नियमों के अनुसार पूरी प्रक्रिया का पालन किया है।

डीएसपी ने यह भी बताया कि धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर सेल की टीम को लगाया गया है। मेल भेजने वाले की पहचान होते ही उसके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

लगातार तीसरी बार मिली इस तरह की धमकी ने धनबाद कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top