देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कोई कमी नहीं, अफवाहों पर ध्यान न दें: केंद्र सरकार

सरकार ने कहा—ईंधन आपूर्ति पूरी तरह सामान्य, 60 दिनों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध

केंद्र सरकार ने देशवासियों को आश्वस्त करते हुए स्पष्ट किया है कि देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और कहीं भी किसी प्रकार की कमी नहीं है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि देशभर के सभी रिटेल पेट्रोल पंपों और वितरण केंद्रों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।

मंत्रालय ने कहा कि सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भ्रामक और सुनियोजित दुष्प्रचार के जरिए लोगों के बीच अनावश्यक घबराहट पैदा करने की कोशिश की जा रही है। सरकार ने स्पष्ट किया कि देश में ईंधन की उपलब्धता पूरी तरह नियंत्रण में है और कहीं भी राशनिंग जैसी स्थिति नहीं है।

सरकार के अनुसार, भारत दुनिया का चौथा सबसे बड़ा रिफाइनर और पांचवां सबसे बड़ा पेट्रोलियम उत्पाद निर्यातक देश है। ऐसे में घरेलू जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त उत्पादन और आपूर्ति व्यवस्था कायम है।

मंत्रालय ने बताया कि कच्चे तेल की आपूर्ति दुनिया के 40 से अधिक देशों से लगातार जारी है और देश की रिफाइनरियां पूरी क्षमता से काम कर रही हैं। इसके अलावा देश में कुल मिलाकर करीब 60 दिनों का तेल भंडार उपलब्ध है, जिससे किसी भी प्रकार की आपूर्ति बाधित होने की आशंका नहीं है।

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि एलपीजी की आपूर्ति भी सामान्य बनी हुई है और प्रतिदिन लाखों सिलेंडरों की डिलीवरी की जा रही है।

मंत्रालय ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों और अपुष्ट खबरों से दूर रहें तथा केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top