रांची को जल्द मिलेगा 500 करोड़ की लागत से बना 100 मेगावाट फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट

रांची को जल्द ही बड़ी ऊर्जा सौगात मिलने जा रही है। गेतलसूद डैम में करीब 500 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 100 मेगावाट का फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट लगभग तैयार हो चुका है। इस परियोजना के शुरू होने से राजधानी के करीब एक लाख घरों को निर्बाध (जीरो कट) बिजली मिलने की उम्मीद है।

यह महत्वाकांक्षी परियोजना 172 एकड़ क्षेत्र में फैली हुई है और इसके चालू होने से रांची सहित आसपास के इलाकों में बिजली संकट से काफी हद तक राहत मिलेगी। परियोजना का निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में है और जल्द ही इसका लोकार्पण किया जाएगा।

इस संबंध में नई दिल्ली में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी से मुलाकात कर परियोजना की प्रगति की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने मंत्री से इस पावर प्लांट के लोकार्पण का आग्रह भी किया, जिस पर प्रह्लाद जोशी ने सहमति जताई है।

गौरतलब है कि इस परियोजना के लिए दिसंबर 2021 में प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे मात्र तीन महीनों में मार्च 2022 में स्वीकृति मिल गई थी। इसके बाद तेजी से निर्माण कार्य शुरू किया गया और अब यह अपने पूर्णता की ओर है।

पावर प्लांट के शुरू होने के बाद रांची में बिजली आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी और लोगों को निर्बाध बिजली मिल सकेगी। इस उपलब्धि के लिए संजय सेठ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार के प्रति आभार भी व्यक्त किया है।

गेतलसूद डैम में 172 एकड़ में तैयार परियोजना अंतिम चरण में, एक लाख घरों को मिलेगी निर्बाध बिजली

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top