कल्पना सोरेन को BRICS CCI WE समिट 2026 में ‘ट्रेलब्लेज़र अवार्ड’ से सम्मानित, महिलाओं के सशक्तिकरण को समर्पित किया सम्मान

नई दिल्ली:
राजधानी नई दिल्ली के हयात रीजेंसी में आयोजित ‘BRICS CCI WE एनुअल वुमेन समिट एंड फेलिसिटेशन 2026’ में गांडेय विधायक कल्पना सोरेन को प्रतिष्ठित ‘वुमेन एम्पावरमेंट ट्रेलब्लेज़र्स अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद कल्पना सोरेन ने इसे अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि न बताते हुए झारखंड की हर महिला और देश-दुनिया की उन अनगिनत महिलाओं को समर्पित किया, जो अपने साहस, कड़ी मेहनत और सपनों के दम पर समाज और अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रही हैं। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं व्यापार, खेल, विज्ञान, अंतरिक्ष और शासन जैसे क्षेत्रों में बाधाओं को पार कर नई ऊंचाइयों को छू रही हैं।

उन्होंने विशेष रूप से हाशिए पर रहने वाली महिलाओं की आवाज़ को सुनने और उन्हें अवसरों तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया। हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड में महिलाओं को केवल लाभार्थी नहीं, बल्कि उद्यमी और बदलाव की नायिका के रूप में देखा जा रहा है। स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमों के माध्यम से महिलाओं में आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास बढ़ा है।

अपनी हालिया लंदन यात्रा का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि University of Oxford जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में पढ़ रही झारखंड की छात्राओं का जुनून और संघर्ष उन्हें भविष्य के प्रति आशावान बनाता है। उन्होंने कहा कि सशक्तिकरण में केवल समावेश ही नहीं, बल्कि निष्पक्षता भी जरूरी है ताकि हर महिला को आगे बढ़ने और नेतृत्व करने का समान अवसर मिल सके।

इस अवसर पर मीनाक्षी लेखी, रक्षा खडसे, अभिषेक सिंह, संजय भट्टाचार्य, शबाना आज़मी, भूमि पेडनेकर सहित कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top