
कांके विधायक सुरेश कुमार बैठा ने उठाया मुद्दा,बसें बंद होने से लोगों को हो रही भारी परेशानी
खलारी: खलारी प्रखंड के चुरी कॉलोनी और राय दरहा टांड़ के समीप बने क्षतिग्रस्त पुल का मामला अब राज्य की विधानसभा तक पहुंच गया है। इस गंभीर जनसमस्या को सबसे पहले ‘बिहान भारत’ अखबार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर प्रकाशित होने के बाद यह मुद्दा क्षेत्र में चर्चा का विषय बना और अब सदन में भी उठाया गया। विधानसभा सत्र के दौरान कांके विधायक सुरेश कुमार बैठा ने प्रश्न के माध्यम से सरकार का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया। उन्होंने कहा कि लगभग 10–12 वर्ष पूर्व निर्मित इस पुल का इतनी कम अवधि में क्षतिग्रस्त हो जाना निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने बताया कि पुल के क्षतिग्रस्त होने के कारण इस मार्ग पर बसों का परिचालन भी प्रभावित हो गया है। कई बसों का संचालन बंद हो गया है, जिससे रोजाना इस रास्ते से आने-जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ रहा है, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ रहे हैं।कांके विधायक सुरेश कुमार बैठा ने सरकार से इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाई जाती है तो जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने पुल की शीघ्र मरम्मत या पुनर्निर्माण कराकर आवागमन को जल्द से जल्द सुचारु करने की मांग की।उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं को सदन में उठाना उनकी प्राथमिकता है और जनहित से जुड़े मुद्दों पर वे लगातार मजबूती से आवाज उठाते रहेंगे।

