धनबाद-रांची पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में प्रिंस खान के शूटरों से मुठभेड़, तीन अपराधी गिरफ्तार

रांची/धनबाद। धनबाद जिले के पुटकी थाना क्षेत्र अंतर्गत भागाबांध ओपी इलाके में सोमवार को रांची और धनबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के गुर्गों के साथ मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में दो अपराधी घायल हुए, जबकि भागते समय एक अपराधी का पैर टूट गया।

पुलिस ने तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों के नाम कुबेर, विक्की डोम और अमन अफजल है। सभी प्रिंस खान गिरोह के शूटर हैं और रांची के एयरपोर्ट थाना हत्याकांड में शामिल थे। फिलहाल सभी गिरफ्तार शूटरों से पूछताछ की जा रही है।

धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि प्रिंस खान के गुर्गे लगातार कई कारोबारियों से रंगदारी मांग रहे हैं और भागाबांध ओपी इलाके में सक्रिय हैं। इसके बाद धनबाद और रांची पुलिस की टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। मुठभेड़ में घायल शूटर एयरपोर्ट हत्याकांड मामले से जुड़े हैं। पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है और उनके नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

एसएसपी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रिंस खान के कुछ गुर्गे भागाबांध इलाके में छिपे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की। अपराधियों ने पुलिस को देखकर फायरिंग की, जिस पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में विक्की डोम और अमन सिंह घायल हुए, जबकि भागते समय अफजल उर्फ अमन घायल हो गया और उसका पैर टूट गया। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एसएसपी ने बताया कि घटना के बाद पूरे इलाके में पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस अब अपराधियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

उल्लेखनीय है कि बीते शनिवार की रात प्रिंस खान के शूटर रांची के एयरपोर्ट थाना में स्थित एक होटल में घुसकर संचालक के भाई की हत्या कर फरार हो गए थे। इसके बाद पुलिस इन अपराधियों की तलाश कर रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top