सावन सिंधारा उत्सव के साथ सजा परंपरा कला और विरासत मेला, मंत्री दीपिका पांडेय ने बढ़ाया महिला उद्यमियों का उत्साह

रांची। मारवाड़ी सहायक समिति, रांची के तत्वावधान में हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन में आयोजित चार दिवसीय परंपरा कला और विरासत मेले के दूसरे दिन महिलाओं ने सावन सिंधारा उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया। कार्यक्रम में प्रदेश की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं और महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर मंत्री दीपिका पांडेय ने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उनकी उद्यमिता को नई दिशा देते हैं। उन्होंने कहा कि परंपरा और संस्कृति से जुड़े इस मेले के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।

मेले में देश के विभिन्न राज्यों से आई महिला उद्यमियों ने 90 से अधिक स्टॉल लगाए हैं। इन स्टॉलों पर हस्तशिल्प, पारंपरिक परिधान, गृह सज्जा सामग्री, आभूषण, हर्बल उत्पाद, सूती एवं सिल्क वस्त्र सहित विभिन्न हस्तनिर्मित वस्तुएं आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। आगंतुक खरीदारी के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों के पारंपरिक व्यंजनों का भी आनंद ले रहे हैं।

आयोजन समिति के अनुसार, मेला प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा। शनिवार को शाम पांच बजे विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘शिव तांडव’ का आयोजन किया जाएगा।

इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष पवन शर्मा, सचिव विनोद जैन, मुख्य संयोजक विनीता झुनझुनवाला सहित बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथि, महिला उद्यमी और शहरवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top