विकास कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं : उपायुक्त

खूंटी । जिले में संचालित विकास योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने को लेकर उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने शनिवार को भवन निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा की। समाहरणालय स्थित सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने भवन निर्माण विभाग के सभी कार्यपालक अभियंताओं से जिले में संचालित एवं प्रस्तावित विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में उलीहातू के सौंदर्यीकरण एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास, पथ निर्माण, साफ-सफाई, हाईमास्ट लाइट की व्यवस्था, महिला डॉर्मिटरी, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं विद्यालय भवनों के निर्माण सहित अन्य विकास योजनाओं की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से सभी योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप होने चाहिए। योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कार्यपालक अभियंताओं को नियमित रूप से निर्माण कार्यों की निगरानी करने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर परियोजनाओं को पूरा करने का निर्देश दिया।

बैठक के बाद उपायुक्त ने निर्माणाधीन सदर अस्पताल एवं एएनएम प्रशिक्षण अस्पताल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अभियंताओं से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि अस्पताल भवनों का निर्माण सभी तकनीकी एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से समय पर पूरा किया जाए, ताकि स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में इन परियोजनाओं का लाभ आम लोगों को मिल सके।

मौके पर उप विकास आयुक्त, संबंधित कार्यपालक अभियंता सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top