धरना दे रहे पैरामेडिकल छात्रों को मंत्री ने दिया समस्याएं दूर करने का आश्वासन

रांची। स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का हर कर्मचारी, डॉक्टर, नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ और छात्र उनके परिवार का हिस्सा है।

स्वास्थ्य विभाग से जुड़े किसी भी कर्मचारी या छात्र के अधिकारों और सम्मान से समझौता नहीं होने दिया जाएगा। पैरामेडिकल छात्रों की हर समस्या्ओं का समाधान किया जाएगा। मंत्री शुक्रवार को अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे झारखंड पैरामेडिकल स्टाफ्स एसोसिएशन और पैरामेडिकल छात्रों के बीच पहुंचकर आश्वासन देते हुए बोल रहे थे।

इस दौरान मंत्री ने आंदोलनरत छात्रों को सड़क के बजाय कार्यालय में आकर अपनी बातें रखने का आग्रह किया। इसके बाद उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को कार्यालय बुलाकर उनकी समस्याएं सुनीं। नाश्ता और भोजन की व्यवस्था भी कराई।

बैठक के दौरान एसोसिएशन ने एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, जमशेदपुर के लगभग 140 नए पैरामेडिकल प्रशिक्षु छात्रों के लिए छात्रावास की मांग से संबंधित ज्ञापन सौंपा।

इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए विभागीय अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर छात्रावास व्यवस्था सुनिश्चित करने संबंधी रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। साथ ही एमजीएम मेडिकल कॉलेज प्रशासन से प्रस्ताव भेजने और स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव को छात्रों की मांगों पर जल्द बैठक कर स्थायी समाधान निकालने के निर्देश दिए।

मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य शिक्षा की गुणवत्ता, प्रशिक्षु छात्रों की सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं छात्रों ने मंत्री के संवेदनशील रवैये की सराहना करते हुए समस्याओं के समाधान की उम्मीद जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top