उपायुक्त ने राजकीय श्रावणी मेला की दूसरी सोमवारी पर रूटलाइन व कांवरिया पथ का किया अहले सुबह निरीक्षण

श्रद्धालुओं की सेवा व सुरक्षा के लिए दिए कड़े निर्देश

देवघर। राजकीय श्रावणी मेला, 2026 की दूसरी सोमवारी के अवसर पर बाबा बैद्यनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। सोमवार अहले सुबह उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री सौरभ कुमार भुवानिया ने मेला क्षेत्र, कतार व्यवस्था (रूटलाइन) और कांवरिया पथ का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, कतार प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं का स्थल पर जाकर जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

‘सेवा भाव’ और ‘धैर्य’ के साथ ड्यूटी करने का निर्देश

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने नंदन पहाड़ से लेकर बाबा मंदिर परिसर तक का भ्रमण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात सभी वरीय अधिकारियों, दंडाधिकारियों और पुलिस बल के जवानों को संयम व ‘सेवा भाव’ के साथ कांवरियों का सहयोग करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि देवतुल्य श्रद्धालुओं की सेवा ही सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और सभी कर्मी हर समय एक्टिव मोड में रहें।

नागरिक सुविधाओं व स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा

उपायुक्त ने मेला क्षेत्र में स्थापित सूचना-सह-सहायता केंद्र, मातृत्व विश्राम गृह, पुलिस ओपी, ट्रैफिक ओपी, विद्युत केंद्र और स्वास्थ्य कैंपों का निरीक्षण कर जमीनी व्यवस्था को परखा। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों में 24 घंटे जीवनरक्षक दवाइयों और एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मातृत्व विश्राम गृहों में महिलाओं के लिए प्राइवेसी और मूलभूत सुविधाएं सुचारू रखने की हिदायत दी।

क्यू कॉम्प्लेक्स, होल्डिंग पॉइंट्स और ट्रैफिक व्यवस्था पर सख्ती

श्रद्धालुओं को सुगम जलार्पण कराने के उद्देश्य से उपायुक्त ने रूटलाइन के सभी होल्डिंग पॉइंट्स और क्यू कॉम्प्लेक्स में पानी, बिजली, मिस्ट कूलिंग और चिकित्सा व्यवस्था को हर समय चालू रखने का सख्त निर्देश दिया। यातायात और पार्किंग व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने अनधिकृत पार्किंग पर रोक लगाने और शहर को जाममुक्त रखने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए, ताकि स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

​इस निरीक्षण के दौरान उपायुक्त के साथ पुलिस अधीक्षक श्री प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त श्री पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुश्री सुलोचना मीना, अनुमंडल पदाधिकारी श्री रवि कुमार सहित जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के कई वरीय अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top