मासिक अपराध समीक्षा बैठक में एसपी ने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर दिया जोर

पाकुड़। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह (भा.पु.से.) की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक, सभी थाना एवं ओपी प्रभारी सहित विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने पॉक्सो एक्ट, आईटी एक्ट एवं एनडीपीएस एक्ट से संबंधित मामलों के त्वरित निष्पादन, लंबित वारंट एवं कुर्की के निष्पादन में तेजी लाने तथा लंबित कांडों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए नियमित वाहन जांच अभियान चलाने, हेलमेट, सीट बेल्ट, वाहन के आवश्यक दस्तावेजों की जांच करने तथा नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत विधिसम्मत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित मामलों की ई-डीएआर (e-DAR) में समय पर प्रविष्टि सुनिश्चित करने को कहा।
एसपी ने चोरी, लूट, डकैती एवं गृहभेदन जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए नियमित गश्ती और सघन जांच अभियान चलाने, लंबित चरित्र सत्यापन, पासपोर्ट सत्यापन एवं परिवाद पत्रों का शीघ्र निष्पादन करने तथा थानों में आने वाले शिकायतकर्ताओं के साथ शालीन व्यवहार करते हुए उनकी शिकायतों पर त्वरित एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध, मानव तस्करी, नशामुक्ति, महिला अत्याचार, डायन प्रथा, बाल विवाह एवं अन्य सामाजिक कुरीतियों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए स्कूलों, कॉलेजों, हाट-बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नियमित जागरूकता अभियान चलाने पर भी बल दिया गया। इसके अलावा संपत्तिमूलक अपराधों में सक्रिय अपराधियों पर निगरानी बढ़ाने, मिशन वात्सल्य पोर्टल पर गुमशुदा नाबालिग बच्चों की प्रविष्टि से संबंधित प्रशिक्षण तथा रथ यात्रा ड्यूटी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सम्मानित किया गया।
बैठक के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने पुलिस सभा आयोजित कर पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों की समस्याएं सुनीं तथा उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top