ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर प्रधानमंत्री मोदी ने मलेशिया के प्रधानमंत्री से की द्विपक्षीय वार्ता

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के इतर मलेशिया के प्रधानमंत्री दातो सेरी अनवर बिन इब्राहिम के साथ द्विपक्षीय बैठक की। दोनों नेताओं ने इस वर्ष फरवरी में प्रधानमंत्री मोदी की मलेशिया यात्रा के बाद द्विपक्षीय संबंधों में हुई प्रगति की समीक्षा की और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत आगमन पर प्रधानमंत्री इब्राहिम का स्वागत किया और ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भागीदार देश के रूप में मलेशिया की भागीदारी की सराहना की।
भारत और मलेशिया के प्रधानमंत्री कार्यालय ने बयान जारी कर बताया कि दोनों नेताओं ने व्यापार और निवेश, रक्षा एवं सुरक्षा, सेमीकंडक्टर, बुनियादी ढांचा, डिजिटल अर्थव्यवस्था, ऊर्जा, वित्तीय प्रौद्योगिकी, शिक्षा, पर्यटन और लोगों के बीच संपर्क जैसे क्षेत्रों में सहयोग की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री इब्राहिम ने सबाह के कोटा किनाबालु में भारत का महावाणिज्य दूतावास स्थापित किए जाने पर मलेशिया की सहमति की जानकारी दी।

प्रधानमंत्री मोदी ने भारत-आसियान संबंधों को मजबूत करने में मलेशिया के निरंतर सहयोग की सराहना की। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के विभिन्न मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।

दोनों पक्षों ने भारत-मलेशिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top