पश्चिमी सिंहभूम। दीपावली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने विभिन्न मार्गों पर विशेष ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है।
चक्रधरपुर रेल मंडल की ओर से शनिवार को जारी सूचना के अनुसार, यात्रियों की सुविधा और त्योहारों के दौरान आवागमन को सुगम बनाने के लिए रेलवे की ओर से कुल सात विशेष ट्रेन सेवाएं शुरू की जा रही हैं। इन ट्रेनों का परिचालन अलग-अलग तिथियों में एक से तीन फेरे तक किया जाएगा। इनमें टाटानगर से बिहार के लाभा, राउरकेला से झंझारपुर, रांची से पूर्णिया कोर्ट, शालीमार से दरभंगा और गोंदिया से पटना के बीच चलने वाली विशेष ट्रेनें शामिल हैं।
रेलवे की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, ट्रेन संख्या 08009 संतरागाछी-अजमेर एकतरफा विशेष ट्रेन शनिवार 31 अक्टूबर को संतरागाछी से दोपहर 1:15 बजे रवाना होगी और रविवार रात 11:55 बजे अजमेर पहुंचेगी। यह ट्रेन खड़गपुर, टाटानगर, चांडिल, पुरुलिया, मुरी, रांची और लोहरदगा होकर गुजरेगी।
वहीं ट्रेन संख्या 08105/08106 राउरकेला-झंझारपुर विशेष ट्रेन राउरकेला से प्रत्येक गुरुवार 05, 12 और 19 नवंबर को शाम 07 बजे रवाना होगी। अगले दिन शाम 05 बजे झंझारपुर पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार 06, 13 और 20 नवंबर को रात 09 बजे झंझारपुर से खुलेगी और शनिवार शाम 07 बजे राउरकेला पहुंचेगी। मार्ग में बानो, हटिया, रांची, मुरी और बोकारो स्टील सिटी में ठहराव होगा।
इसी तरह ट्रेन संख्या 08181/08182 टाटानगर-लाभा विशेष ट्रेन टाटानगर से प्रत्येक गुरुवार 05, 12 और 19 नवंबर को दोपहर एक बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:50 बजे लाभा पहुंचेगी। वापसी में शुक्रवार को सुबह 5:20 बजे लाभा से खुलेगी और उसी दिन रात 11:50 बजे टाटानगर पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव चांडिल, मुरी और बोकारो स्टील सिटी में होगा।
ट्रेन संख्या 08109/08110 शालीमार-दरभंगा विशेष ट्रेन शालीमार से प्रत्येक मंगलवार 3, 10 और 17 नवंबर को सुबह 10:15 बजे रवाना होकर उसी दिन रात 9:30 बजे दरभंगा पहुंचेगी। वापसी में बुधवार 04, 11 और 18 नवंबर को रात 12:30 बजे दरभंगा से रवाना होकर दोपहर 2:30 बजे शालीमार पहुंचेगी।
ट्रेन संख्या 08625/08626 रांची-पूर्णिया कोर्ट विशेष ट्रेन रांची से प्रत्येक शुक्रवार 06, 13 और 20 नवंबर को शाम 06 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 11:30 बजे पूर्णिया कोर्ट पहुंचेगी। वापसी में शनिवार को दोपहर तीन बजे रवाना होकर रविवार सुबह 9:45 बजे रांची पहुंचेगी। मुरी और बोकारो स्टील सिटी में इसका ठहराव होगा।
इसके अलावा ट्रेन संख्या 08895/08896 गोंदिया-पटना पूजा विशेष ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार 06, 13 और 20 नवंबर को गोंदिया से दोपहर 12:30 बजे रवाना होकर शनिवार शाम 4:30 बजे पटना पहुंचेगी। वापसी में शनिवार शाम 6:10 बजे पटना से रवाना होकर सोमवार सुबह तीन बजे गोंदिया पहुंचेगी। यह ट्रेन झारसुगुड़ा, राउरकेला, हटिया, रांची, मुरी और बोकारो स्टील सिटी होकर चलेगी।
वहीं ट्रेन संख्या 09165/09166 प्रतापनगर-संतरागाछी विशेष ट्रेन प्रतापनगर से दो नवंबर सोमवार को दोपहर 1:30 बजे रवाना होकर बुधवार रात 12:30 बजे संतरागाछी पहुंचेगी। वापसी में चार नवंबर बुधवार को शाम सात बजे संतरागाछी से रवाना होकर शुक्रवार सुबह 9:15 बजे प्रतापनगर पहुंचेगी। यह ट्रेन झारसुगुड़ा, राउरकेला, चक्रधरपुर, टाटानगर और खड़गपुर होकर गुजरेगी।
रेलवे को उम्मीद है कि इन विशेष ट्रेनों के परिचालन से दीपावली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी और नियमित ट्रेनों में भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।

