रांची। देश में लोकतंत्र, संविधान और आम जनता के मताधिकार की रक्षा के संकल्प के साथ झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता विजय शंकर नायक और रांची जिला कांग्रेस अध्यक्ष सोमनाथ मुण्डा के संयुक्त नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता ट्रेन से दिल्ली के लिए रवाना हुए। इस जत्थे में जिला उपाध्यक्ष सदन कुमार, जिला महासचिव विनोद कुमार मुण्डा, जाकिर अंसारी, फिरोज रिजवी मुन्ना, सुरेन कालंदी और महेश शर्मा समेत कई प्रमुख पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हैं। यह सभी कार्यकर्ता आगामी 1 नवंबर को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में भाग लेकर लोकतंत्र की आवाज को मजबूती से बुलंद करेंगे।
रवाना होने के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने कहा कि आज देश के सामने सबसे बड़ा और गंभीर सवाल लोकतंत्र तथा जनता के मताधिकार की हिफाजत का है। उन्होंने कहा कि चुनाव केवल सरकार बनाने का माध्यम भर नहीं है, बल्कि यह जनता की संप्रभुता और उसके लोकतांत्रिक अधिकारों की सबसे महत्वपूर्ण अभिव्यक्ति है। ऐसे में यदि वोट की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं, तो उसका सीधा असर देश के पूरे लोकतांत्रिक ढांचे और भविष्य पर पड़ता है।
श्री नायक ने आगे स्पष्ट किया कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली केवल किसी एक दल का कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान में विश्वास रखने वाले देश के हर सजग नागरिक की साझी आवाज है। कांग्रेस पार्टी जनता के मताधिकार, संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए सड़क से लेकर संसद तक हर मोर्चे पर संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि झारखंड से भारी संख्या में कार्यकर्ताओं का दिल्ली कूच करना इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि प्रदेश का एक-एक कार्यकर्ता इस लड़ाई में चट्टान की तरह खड़ा है। जनता का वोट ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है और इस ताकत के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ लोकतंत्र के लिए अत्यंत घातक साबित होगा, जिसके खिलाफ पार्टी अंतिम सांस तक निर्णायक लड़ाई लड़ेगी।

