नगड़ी प्रखंड के नयासराय रेलवे फाटक तीन रात रहेगा बंद, वैकल्पिक मार्ग से गुजरें वाहन

ट्रैक पुनर्निर्माण कार्य को लेकर 2 से 4 सितंबर तक रात 10 से सुबह 4 बजे तक आवागमन रहेगा बाधित

पिस्कानगड़ी । रांची-टोरी रेलखंड पर पिस्का एवं रांची स्टेशन के बीच स्थित नयासराय रेलवे फाटक (गेट संख्या RT-05) पर रेलवे द्वारा ट्रैक पुनर्निर्माण का महत्वपूर्ण कार्य कराया जाएगा। इसे लेकर रेलवे प्रशासन ने फाटक को तीन दिनों तक निर्धारित अवधि में बंद रखने का निर्णय लिया है। पोल संख्या 427/5-6 पर स्थित इस रेलवे फाटक पर 2 सितंबर से 4 सितंबर 2026 तक प्रत्येक रात 10 बजे से सुबह चार बजे तक सड़क यातायात पूरी तरह बंद रहेगा।रेलवे फाटक बंद रहने के कारण इस मार्ग से आवागमन करने वाले छोटे-बड़े वाहनों और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित समय के दौरान नयासराय रेलवे फाटक का उपयोग नहीं करें और अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करें

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रैक पुनर्निर्माण का कार्य रेल परिचालन की सुरक्षा और व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। कार्य के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना अथवा व्यवधान न हो, इसके लिए सुरक्षा के मद्देनजर फाटक को निर्धारित समय में बंद रखना आवश्यक है

रेलवे प्रशासन ने आम लोगों से कार्य में सहयोग करने और धैर्य बनाए रखने की अपील की है। साथ ही लोगों को सलाह दी गई है कि रात के समय यात्रा करने वाले नागरिक पहले से अपनी यात्रा की योजना बना लें, ताकि फाटक बंद रहने के कारण उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उक्त सूचना वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (रेलपथ), लोहरदगा के आदेशानुसार जारी की गई है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top