रांची/गिरिडीह: झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री और गिरिडीह सदर विधानसभा सीट से विधायक सुदिव्य कुमार सोनू का शनिवार देर रात निधन हो गया। शनिवार की रात अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें आनन-फानन में गिरिडीह स्थित मर्सी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
सुदिव्य कुमार सोनू की गिनती मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बेहद करीबी और विश्वसनीय नेताओं में होती थी। वे झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता के रूप में संगठन और सरकार दोनों में मजबूत पकड़ रखते थे। वर्तमान हेमंत सोरेन मंत्रिमंडल में वे नगर विकास, पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य तथा उच्च एवं तकनीकी शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
उनके असामयिक निधन की खबर मिलते ही गिरिडीह समेत पूरे राज्य के राजनीतिक व सामाजिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के तमाम नेताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे झारखंड की राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है। उनके आवास और अस्पताल के बाहर समर्थकों व पार्टी कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई है।
