असम के बाढ़ प्रभावित शिवसागर जिले का निरीक्षण करने पहुंचे नड्डा

डिब्रूगढ़ (असम)। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरकमंत्री जगत प्रकाश नड्डा अपने तीन दिवसीय असम, नगालैंड और अरुणाचल प्रदेश दौरे के दूसरे दिन बुधवार को असम के सर्वाधिक बाढ़ प्रभावित इलाका शिवसागर जिले के नेपाली खूंटी गांव हेलीकॉप्टर से पहुंचे। इसके बाद उन्होंने ट्रैक्टर पर सवार होकर बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा, स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल, मंत्री केशव महंत, मंत्री पीयूष हजारिका समेत कई स्थानीय विधायक तथा स्थानीय नेता मौजूद रहे।

नड्डा वहां से नगालैंड के मोन जिले के बाद प्रभावित इलाकों का निरीक्षण करने जाएंगे। केंद्रीय मंत्री नड्डा मंगलवार को डिब्रूगढ़ पहुंचे थे। उन्होंने रात्रि विश्राम डिब्रूगढ़ के मनोहारी रिसोर्ट में किया। आज वे प्रभावित गांवों, राहत शिविरों, क्षतिग्रस्त फसलों और मकानों का निरीक्षण कर रहे हैं तथा बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना रहे हैं।

नगालैंड से डिब्रूगढ़ लौटने पर वो मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के साथ ही असम सरकार के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे। आज नड्डा रात्रि विश्राम डिब्रूगढ़ में ही करेंगे।

केंद्रीयमंत्री नड्डा गुरुवार को अरुणाचल प्रदेश के केयी पन्योर जिले के याजाली जाएंगे। वहां फ्लैश फ्लड और बादल फटने से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर क्षतिग्रस्त सड़कों, पुलों और राहत शिविरों का निरीक्षण करेंगे तथा प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह इटानगर में अरुणाचल प्रदेश सरकार के साथ समीक्षा बैठक करेंगे और फिर इसी दिन गुवाहाटी होते हुए नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top