DSPMU में 7 अगस्त को होगा नवप्रवेशी छात्रों का इंडक्शन कार्यक्रम, खेल व सैन्य श्रेणी के सत्यापित अभ्यर्थियों की विभागों को भेजी जाएगी अनुशंसा

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU), रांची में स्नातक सत्र 2026-30 की तृतीय चरण की नामांकन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए 7 अगस्त 2026 को इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की है। कुलपति डॉ. राजीव मनोहर ने बताया कि यह कार्यक्रम दो चरणों में आयोजित होगा, जिसमें नए विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, विभागीय गतिविधियों और विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी।

पहले चरण में सुबह 11 बजे से 12 बजे तक नए प्रशासनिक भवन स्थित रविन्द्र नाथ टैगोर सभागार में बीएससी कंप्यूटर एप्लीकेशन एवं बीबीए के विद्यार्थियों के लिए तथा दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक हिंदी, भूगोल और गणित विभाग के विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति डॉ. राजीव मनोहर करेंगे। इस अवसर पर सभी संकायों के डीन एवं संबंधित विभागाध्यक्ष भी उपस्थित रहेंगे।

इसके बाद दोपहर 1 बजे से विश्वविद्यालय के सभी विभागों में विभागाध्यक्षों, निदेशकों एवं समन्वयकों द्वारा विभागीय स्तर पर अनिवार्य इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

इधर, नामांकन प्रक्रिया के अंतिम चरण में 3 और 4 अगस्त को खेल एवं सैन्य श्रेणी के अभ्यर्थियों के मूल प्रमाणपत्रों का सत्यापन भी संपन्न हुआ। खेल श्रेणी में कुल 47 आवेदनों की जांच की गई, जिनमें 44 आवेदन सही पाए गए जबकि 3 आवेदन फर्जी घोषित किए गए। सफल अभ्यर्थियों की अनुशंसा 5 अगस्त को संबंधित विभागों को भेजी जाएगी।

सैन्य श्रेणी में कुल 7 अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों का सत्यापन किया गया और सभी सफल अभ्यर्थियों की अनुशंसा भी संबंधित विभागों को भेज दी गई है।

कुलपति डॉ. राजीव मनोहर ने बताया कि बीपीएल श्रेणी के विद्यार्थियों का सत्यापन एवं नामांकन 5 अगस्त को पूर्वाह्न 11 बजे से विभागीय स्तर पर किया जाएगा। उसी दिन पात्र विद्यार्थी अपना नामांकन भी करा सकेंगे। यह जानकारी विश्वविद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार सिंह ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top