पलामू। जिले के तरहसी थाना क्षेत्र के बेदानीखुर्द के तुलेश्वर महतो हत्याकांड का पुलिस ने गुरूवार को उदभेदन कर दिया। तुलेश्वर की हत्या दूसरी शादी करने के कारण हुई थी। डेढ लाख की सुपारी देकर पहली पत्नी ने हत्या करायी थी। पुलिस ने 15 दिनों के भीतर मामले का उदभेदन करते हुए पहली पत्नी के अलावा, साढू का बेटा, ट्रक चालक और एक शूटर को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने गुरूवार को इसकी पुष्टि की।
उल्लेखनीय है कि 21 अक्टूबर की शाम में बेदानीखुर्द स्थित घर पर खाना खा रहे तुलेश्वर महतो को बाहर बुलाकर दो अपराधियों ने नजदीक से सटाकर गोली मार दी थी। गंभीर हालत में उन्हें मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में मौत हो गयी। इस संबंध में मृतक के भाई मुरारी महतो के बयान पर अज्ञात अपराधकर्मी के विरूद्ध मामला दर्ज किया गया था।

एसपी ने अनुसंधान के लिए लेस्लीगंज के एसडीपीओ प्रशांत कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की थी। करीब 15 दिनों की जांच के बाद पुलिस ने हत्याकांड में शामिल पहली पत्नी सहित चार आरोपितों को गिरफ्तार किया।
सबसे पहले तुलेश्वर के साढू मनातू के गडवट के शैलेश महतो के बेटे राहुल कुमार से पूछताछ की गयी। उसने बताया कि उसका मौसा तुलेश्वर मेहता (मृतक) मौसी उर्मीला देवी को छोड़कर दूसरी शादी कर ली थी। मौसी के कहने पर मौसा की हत्या के लिए उसके घर के ट्रक ड्राइवर लातेहार के मनिका निवासी शंकर यादव से संपर्क किया और उसके माध्यम से मनिका के डोकी के निवासी शूटर नरेश सिंह को डेढ लाख रूपए की सुपारी दी। हत्या में नरेश की पिस्टल का इस्तेमाल किया गया था।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में तुलेश्वर की पहली पत्नी उर्मीला देवी, साढू का बेटा राहुल कुमार, ट्रक चालक शंकर यादव और शूटर नरेश सिंह शामिल हैं। हत्या में इस्तेमाल देशी कट्टा, एक गोली, दो बाइक और मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
कार्रवाई टीम में लेस्लीगंज एसडीपीओ के अलावा पाटन के इंस्पेक्टर, तरहसी के थाना प्रभारी राजेश रंजन, पुअनि मानिन्द्र कुमार शर्मा, अनंत कुमार सिंह, सअनि मो. महताब आलम और जवान शामिल थे।

