कोटा/जयपुर: राजस्थान के कोटा जिले में शनिवार सुबह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर एक भीषण सड़क दुर्घटना घटित हुई। दिल्ली से मुंबई जा रही एक स्लीपर बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब 15 फीट गहरे नाले में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में आठ यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना सिमलिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत कराड़िया के पास एक्सप्रेस-वे के पोल संख्या 384 के समीप सुबह करीब 6 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार बस अचानक संतुलन खो बैठी और सीधे गहरे नाले में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची तथा राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। क्रेन और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
जिला प्रशासन ने हादसे में आठ यात्रियों की मौत की आधिकारिक पुष्टि की है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया गया है और परिजनों को सूचित करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस हादसे के सटीक कारणों की जांच में जुटी है।

