पूर्वी सिंहभूम। परसुडीह थाना क्षेत्र में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से ब्राउन शुगर की 80 पुड़िया बरामद की हैं, जिनका कुल वजन 15.76 ग्राम है। गिरफ्तार युवकों से पूछताछ में मंजीत नामक व्यक्ति का नाम सामने आया है, जिस पर ब्राउन शुगर की आपूर्ति करने का आरोप है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। मामले का खुलासा शुक्रवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेसवार्ता में किया।
शुक्रवार को सिटी एसपी ने बताया कि गुरुवार की रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि परसुडीह ब्लॉक के पीछे अनाज गोदाम के पास कुछ लोग ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर पांच युवकों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान परसुडीह के गदड़ा निवासी गौतम कुमार सिंह, शिवम कुमार सिंह, सूरज कुमार तिवारी, अमरजीत कुमार सिंह और छोटा गोविंदपुर निवासी अजय यादव के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान गौतम कुमार सिंह के पास से 12 पुड़ियों में 1.68 ग्राम, शिवम कुमार सिंह के पास से 15 पुड़ियों में 3.66 ग्राम, सूरज कुमार तिवारी के पास से 22 पुड़ियों में चार ग्राम, अमरजीत कुमार सिंह के पास से 17 पुड़ियों में 3.18 ग्राम और अजय यादव के पास से 14 पुड़ियों में 3.24 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। इस तरह कुल 80 पुड़ियों में 15.76 ग्राम मादक पदार्थ जब्त किया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उन्हें ब्राउन शुगर परसुडीह निवासी मंजीत ने उपलब्ध कराई थी। इसके बाद थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक राजेंद्र कुमार मुंडा के लिखित बयान पर मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तार पांचों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब कथित मुख्य आपूर्तिकर्ता मंजीत और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। छापेमारी टीम में डीएसपी सुमीत कुमार, थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार मुंडा सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।

