अगले 8 से 10 माह में शुरू होगी ज़मीनी प्रक्रिया: डीआरएम
किसानों के आंदोलन का असर, अधिकारियों को शीघ्र डीपीआर तैयार करने के निर्देश
विधायक नवीन जायसवाल बोले—किसानों की वर्षों पुरानी समस्या का जल्द हो स्थायी समाधान
पिस्कानगड़ी। नगड़ी क्षेत्र में किसानों के आंदोलन के दूसरे दिन गुरुवार को रांची-लोहरदगा रेलमार्ग स्थित रेलवे किलोमीटर 434/5 (महतो टोली) के समीप प्रस्तावित अंडरपास स्थल का मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) और हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में जुटे ग्रामीणों और किसानों ने अपनी वर्षों पुरानी आवागमन की समस्या को अधिकारियों के समक्ष प्रमुखता से रखा।
निरीक्षण के उपरांत पत्रकारों एवं ग्रामीणों को संबोधित करते हुए डीआरएम ने आश्वस्त किया कि यहां अंडरपास का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए शीघ्र ही विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार किया जाएगा और अगले 8 से 10 माह के भीतर कार्ययोजना को धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा। डीआरएम ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को तत्काल डीपीआर तैयार करने का निर्देश देते हुए कहा कि रेल विभाग ग्रामीणों और किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा सकारात्मक सोच के साथ कार्य करता है तथा विकास कार्यों में जनता के साथ मिलकर आगे बढ़ने में विश्वास रखता है।
इस अवसर पर हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि रेलवे लाइन के उस पार सैकड़ों किसानों की कृषि भूमि स्थित है, जिसके कारण खेती-किसानी और आवागमन में उन्हें भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। किसानों की यह समस्या लंबे समय से लंबित है, इसलिए अंडरपास का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र कराया जाना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान नगड़ी मुखिया जय गोपाल उरांव, भाजपा नगड़ी मंडल अध्यक्ष रितेश राज, पूर्व मंडल अध्यक्ष राकेश केसरी, चूड़ामणि महतो, प्रभात महतो, रघुनंदन महतो, राजेश महतो, अर्जुन महतो, शीला देवी, रामबरन महतो, अमर महतो, बिरेंद्र महतो, देव पुलिस महतो, अरविंद महतो, सोमा उरांव, शंकर उरांव, बिरजू उरांव, सुनील उरांव, दिनेश उरांव, पवन महतो, भोला महतो, मोती लाल महतो, राजू प्रसाद, पदलो उरांव, अशोक महतो, सागर महतो, रामफल महतो, संतोष कुमार, श्यामल महतो और विनय कुमार सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण एवं किसान उपस्थित थे।

