सदर अस्पताल में मंत्री ने किया औचक निरीक्षण, दो अधिकारियों को शो-कॉज

जामताड़ा। स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने गुरुवार को जामताड़ा सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की पड़ताल की। इस दौरान मंत्री ने कार्यालय में अनुपस्थित मिले दो अधिकारियों को शो-कॉज नोटिस जारी करने और एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया। अचानक निरीक्षण से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

मंत्री ने विभिन्न वार्डों का जायजा लेने के साथ मरीजों से बातचीत कर इलाज और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने डॉक्टरों का ड्यूटी रोस्टर भी जांचा और चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को पूरी जिम्मेदारी से काम करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि मरीजों के इलाज में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

अंसारी ने अस्पताल में अनुशासन और सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक मरीज के साथ सिर्फ एक अटेंडेंट को प्रवेश मिलेगा। झंडा और लाठी लेकर अस्पताल पहुंचकर हंगामा करने और राजनीतिक गतिविधियां चलाने वालों पर रोक लगेगी। मंत्री ने कहा कि अस्पताल मरीजों के इलाज का स्थान है, राजनीति का अड्डा नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से पूर्व में अस्पताल में मारपीट और हंगामा किए जाने से डॉक्टर भयभीत होकर यहां से चले गए थे। उन्होंने आश्वासन दिया कि जामताड़ा में जल्द अतिरिक्त डॉक्टरों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की जाएगी, ताकि मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top