छठ महापर्व पर टाटानगर स्टेशन में सेवा-सुरक्षा में जुटे सिविल डिफेंस के जवान

पूर्वी सिंहभूम। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर टाटानगर रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं और यात्रियों की बढ़ती भीड़ के बीच सिविल डिफेंस के जवानों ने मोर्चा संभाल लिया है।

गुरुवार से जवान स्टेशन पर सेवा और सुरक्षा व्यवस्था में पूरी तरह जुट गए हैं। यात्रियों की सुविधा, भीड़ नियंत्रण और आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जवानों की अलग-अलग पालियों में ड्यूटी लगाई गई है।

स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, ट्रेनों और यात्रियों के ठहराव के लिए बनाए गए टेंट में सिविल डिफेंस की टीम लगातार सक्रिय रहेगी।

गुरुवार को सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने बताया कि ड्यूटी के दौरान जवान ट्रेनों में चढ़ने और उतरने वाले यात्रियों की सहायता करने के साथ भीड़ को व्यवस्थित करने का काम करेंगे।

पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, साउथ बिहार एक्सप्रेस, बक्सर, छपरा एक्सप्रेस सहित बिहार और अन्य स्थानों के लिए चलने वाली स्पेशल ट्रेनों में यात्रियों की मदद के लिए जवान तैनात रहेंगे। स्टेशन के बाहरी परिसर और यात्री टेंट में भी उनकी मौजूदगी रहेगी।

छठ को लेकर स्टेशन पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए बुजुर्ग, महिला, दिव्यांग और जरूरतमंद यात्रियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जनरल कोच के आसपास भीड़ को नियंत्रित करने, यात्रियों को सुरक्षित तरीके से प्लेटफॉर्म तक पहुंचाने और लिफ्ट और एस्केलेटर के उपयोग में सहायता करने की जिम्मेदारी भी जवान संभालेंगे। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल बचाव और सहयोग उपलब्ध कराने के लिए टीम को सतर्क रखा गया है।

यात्रियों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को देखते हुए प्राथमिक चिकित्सा की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। जरूरत पड़ने पर प्रशिक्षित जवान प्राथमिक उपचार देने के साथ संबंधित रेलवे अधिकारियों और चिकित्सा टीम तक सूचना पहुंचाएंगे। व्हीलचेयर, स्ट्रेचर और अग्निशमन उपकरणों को भी आपात स्थिति के लिए तैयार रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top