नेमरा में शहीद सोबरन सोरेन के 69वें शहादत दिवस समारोह में शामिल हुए सीएम, रामगढ़ जिले को दी 111 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात

लड़कर अलग राज्य लिया, लड़कर अपना अधिकार भी लेंगे : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन

रामगढ़: मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन शुक्रवार को रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित लुकैयाटांड़ में आयोजित अमर शहीद सोबरन सोरेन के 69वें शहादत दिवस-सह-पारितोषिक वितरण समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने शहीद सोबरन सोरेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने रामगढ़ जिले के लिए लगभग 111 करोड़ रुपये की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया तथा लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया।

जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सामंती सोच और अत्याचार के विरुद्ध जिस संघर्ष की आवाज को दबाने का षड्यंत्र रचा गया था, वह स्मृति शेष दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी के नेतृत्व में फिर से जीवंत हुआ। उन्होंने कहा कि एक समय था जब आदिवासी और मूलवासी समाज सामंती ताकतों के सामने सिर उठाकर देख भी नहीं सकता था, लेकिन आज शहीद सोबरन मांझी जी की शहादत की बदौलत राज्य का हर गरीब, गुरबा, आदिवासी और मूलवासी निडर होकर और स्वाभिमान के साथ जी रहा है।

मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू और चांद-भैरव जैसे महानायकों को याद करते हुए कहा कि गिरिडीह, टुंडी, धनबाद से लेकर छोटानागपुर और संथाल परगना तक अत्याचार के विरुद्ध फूटी छोटी-छोटी चिंगारियों ने ही अलग झारखंड राज्य के आंदोलन का रूप लिया। उन्होंने कहा कि पहले लोग हंसते थे कि कम पढ़े-लिखे आदिवासी-मूलवासी अपना राज्य कैसे चलाएंगे, लेकिन आज उन्हीं शहीद परिवारों के बीच से निकला एक नौजवान राज्य को संवारने का काम कर रहा है।

महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए श्री सोरेन ने कहा कि सरकार गांव-देहात के लोगों को अपने पैरों पर खड़ा करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। पहले चरण में राज्य की 18 से 50 आयु वर्ग की लगभग 50 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 2500 रुपये की सम्मान राशि दी जा रही है, ताकि माताएं-बहनें स्वयं अपने माथे से गरीबी की लकीर मिटा सकें। देश के किसी अन्य राज्य में ऐसी योजना नहीं चल रही है

मुख्यमंत्री ने केंद्र व विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए संसाधन जुटाने में बाधाएं और भेदभाव का सामना करना पड़ रहा है। हमारे राजस्व के स्रोतों को बंद करने का प्रयास हो रहा है, लेकिन सरकार घबराने वाली नहीं है। उन्होंने दो टूक कहा कि जिस तरह लड़कर अलग राज्य लिया है, उसी तरह लड़कर अपना अधिकार भी लेंगे और पहले राज्य के लोगों को उनका पूरा हक दिलाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इस बार कार्यक्रम सादगी से मनाया गया है, लेकिन आने वाले समय में इसे और भव्य रूप दिया जाएगा।

समारोह में गांडेय विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन, रामगढ़ विधायक श्रीमती ममता देवी, उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता, आईजी शैलेंद्र सिन्हा, डीआईजी अंजनी कुमार झा, रामगढ़ उपायुक्त ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top