लोहरदगा: बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने और समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, नदिया हिन्दू में ‘बाल विवाह मुक्त अभियान’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए आकर्षक एवं प्रेरणादायक स्लोगन लिखकर समाज को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति सचेत किया।
कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स ने अपने स्लोगनों के माध्यम से बाल विवाह पर रोक लगाने, बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने और बच्चों के अधिकारों की रक्षा करने का आह्वान किया। कैडेट्स ने संदेश दिया कि कम उम्र में विवाह बच्चों के बचपन, शिक्षा, स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास में सबसे बड़ी बाधा है। इसलिए बच्चों को विवाह के बंधन में बांधने के बजाय उन्हें शिक्षा, अच्छे संस्कार और अपने सपनों को पूरा करने का अवसर देना चाहिए।
एनसीसी कैडेट्स ने आम लोगों से अपील की कि वे इस कुप्रथा को रोकने में अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाएं और आसपास कहीं भी बाल विवाह की सूचना मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करें। साथ ही, बेटियों को शिक्षित व आत्मनिर्भर बनाकर समाज में समानता का वातावरण तैयार करने पर भी जोर दिया गया।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से जन-जन तक जागरूकता फैलाना और ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ के संकल्प को मजबूत करना है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने बाल विवाह रोकने, बेटियों को पढ़ाने और हर बच्चे का भविष्य सुरक्षित बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

