खूंटी। सूर्य उपासना और लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को जिले के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। छठव्रतियों ने पूरे विधि-विधान के साथ अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को पहला अर्घ्य अर्पित किया। इस अवसर पर पूरा जिला छठी मइया के पारंपरिक गीतों और भक्तिमय माहौल से सराबोर नजर आया।
दोपहर बाद से ही छठव्रतियों, उनके परिजनों और श्रद्धालुओं की टोलियां सिर पर पूजा के दउरा और सूप लेकर घाटों की ओर बढ़ने लगी थीं। देखते ही देखते शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक की सड़कें श्रद्धालुओं की भीड़ से पट गईं। छठ पर्व को लेकर जिले के प्रमुख जलाशयों और नदी घाटों की विशेष साफ-सफाई की गई है। उन्हें आकर्षक विद्युत सज्जा और फूलों से सजाया गया है। व्रतियों की सुविधा के लिए स्थानीय पूजा समितियों और प्रशासन की ओर से घाटों पर अस्थायी चेंजिंग रूम, पेयजल और प्रकाश की समुचित व्यवस्था की गई है।
जिला मुख्यालय स्थित साहू तालाब, चौधरी तालाब, राजा तालाब और तजना नदी छठ घाट पर श्रद्धालुओं की सबसे अधिक भीड़ देखी गई। इसके अलावा जिले के विभिन्न प्रखंडों में भी छठ पर्व की भव्य छटा देखने को मिली। तोरपा प्रखंड के छाता नदी और कारो नदी छठ घाट सहित तपकरा, मुरहू, अड़की, रनिया, कर्रा और गोविंदपुर के विभिन्न तालाबों एवं नदियों में भी व्रतियों ने कमर भर पानी में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।
घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल और स्थानीय स्वयंसेवक मुस्तैद रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान भास्कर और छठी मइया से अपने परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
सोमवार की अहले सुबह उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही चार दिवसीय महापर्व का विधिवत समापन होगा।

